न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 9 सितंबर आसनसोल। साइबर जालसाजी के खिलाफ अभियान में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिलने का दावा किया गया है। कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर फांड़ी अंतर्गत हरिजनपाड़ा में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 11 संदिग्धों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान कई घरों और संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी ली गई, जहां से बड़ी संख्या में डिजिटल उपकरण और बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए।अभियान में आसनसोल साइबर थाना, कुल्टी थाना समेत पुलिस कमिश्नरेट की विभिन्न टीमों के अधिकारी और जवान शामिल रहे। सुबह से ही इलाके में पुलिस की गतिविधियां तेज रहीं। तलाशी के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, कंप्यूटर, लैपटॉप, राउटर और अन्य नेटवर्किंग उपकरण जब्त किए।पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कई एटीएम और डेबिट कार्ड, हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव, बैंक पासबुक, चेकबुक समेत अन्य महत्वपूर्ण बैंकिंग दस्तावेज भी मिले हैं। इतनी बड़ी मात्रा में डिजिटल उपकरण और वित्तीय कागजात बरामद होने के बाद पुलिस को संदेह है कि इनका इस्तेमाल साइबर अपराध से जुड़े किसी नेटवर्क में किया जा रहा था।हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि गिरफ्तार किए गए सभी 11 लोगों की साइबर ठगी में क्या भूमिका रही है। जांच एजेंसियां जब्त किए गए मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच कर रही हैं। साथ ही बरामद बैंकिंग दस्तावेजों के आधार पर संभावित लेनदेन और संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार सभी 11 आरोपियों को मंगलवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। मामले की जांच आसनसोल साइबर थाना और कुल्टी थाना पुलिस संयुक्त रूप से कर रही है।जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामान किसी बड़े साइबर गिरोह से जुड़ा है या नहीं। साथ ही नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाने के लिए भी छानबीन जारी है।
कुल्टी में साइबर ठगी के शक में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हरिजनपाड़ा से 11 गिरफ्तार

