न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 सितंबर जामताड़ा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा की ओर से नारायणपुर प्रखंड के डोभाकेंद्र पंचायत में न्याय रथ के माध्यम से विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को कानून की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग करना और जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क कानूनी सहायता की पहुंच सुनिश्चित करना रहा।जागरूकता कार्यक्रम के दौरान डिप्टी चीफ एलएडीसी उत्तम कुमार सिन्हा एवं डीएलएसए के पैनल लॉयर पारस कुमार राय ने ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी एवं सामाजिक विषयों की जानकारी दी। वक्ताओं ने दहेज प्रथा को समाज के लिए गंभीर कुरीति बताते हुए इसके दुष्परिणाम और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों पर चर्चा की। इसके अलावा लैंगिक समानता, संवैधानिक मूल्यों, महिलाओं के अधिकार तथा उनके लिए उपलब्ध कानूनी संरक्षण के बारे में भी विस्तार से बताया गया।अधिकारियों ने NALSA जागृति योजना 2025 सहित NALSA एवं JHALSA की विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों के साथ साझा की। बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय एवं पात्र व्यक्ति कानूनी सलाह, अधिवक्ता की सहायता और अन्य जरूरी विधिक सेवाएं बिना किसी शुल्क के प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क किया जा सकता है।अभियान के दौरान ग्रामीणों को न्याय तक पहुंच, समानता और गरिमा जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पीएलवी आनंद महतो, महफूज आलम, प्रदीप रजक, विजय कुमार मंडल, फिरोज अंसारी और सद्दाम अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं प्रखंड कर्मी मौजूद रहे।न्याय रथ के माध्यम से आयोजित यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों तथा उपलब्ध विधिक सहायता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।
न्याय रथ पहुंचा डोभाकेंद्र, ग्रामीणों को बताए कानूनी अधिकार; दहेज प्रथा से लेकर महिलाओं के संरक्षण तक दी गई जानकारी

