आम बीनने गए बच्चों पर टूटा आसमानी कहर: वज्रपात से 13 वर्षीय बालिका की मौत, किशोर गंभीर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 जून 2026 जामताड़ा। कुंडहित प्रखंड के अंबा गांव में मंगलवार दोपहर मौसम के अचानक बदले मिजाज ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आंधी, गरज और हल्की बारिश के बीच हुए वज्रपात की घटना में एक 13 वर्षीय बालिका की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।जानकारी के अनुसार मंगलवार करीब दो बजे अंबा गांव के कुछ बच्चे बारिश के दौरान गांव के समीप आम बीनने के लिए गए थे। इसी दौरान वे एक आम के पेड़ के पास मौजूद थे कि अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से श्रीया बाउरी (13), पिता जालंधर बाउरी, गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल उसे और घायल किशोर दिनू दास (16), पिता अर्जुन दास को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुंडहित पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद श्रीया को मृत घोषित कर दिया।वहीं गंभीर रूप से घायल दिनू दास की स्थिति चिंताजनक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए सिउड़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रशासनिक स्तर पर भी त्वरित कार्रवाई करते हुए अंचल निरीक्षक अरुण कुमार यादव तथा हल्का कर्मचारी संदीप सोरेन अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर आवश्यक जानकारी जुटाई। अंबा पंचायत के मुखिया दुलु सिंह टुडू ने भी अस्पताल पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को प्राकृतिक आपदा के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता और मुआवजा योजना की जानकारी दी। साथ ही आवश्यक दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया गया। हालांकि खबर लिखे जाने तक परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए थे। अधिकारियों द्वारा उन्हें कानूनी प्रक्रिया की आवश्यकता समझाने का प्रयास जारी था।इस दुखद घटना ने गांव के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ ही क्षणों में खेलते-कूदते बच्चों पर ऐसा कहर टूटेगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और घायल किशोर के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। गांव में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *