हाईटेंशन तार ने मिस्त्री को झुलसाया, मकान निर्माण के दौरान करंट लगने से गंभीर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 11 सितंबर जामताड़ा। जामताड़ा थाना क्षेत्र के दक्षिणबहाल गांव स्थित लेदमा पाड़ा में शुक्रवार को मकान निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन भवन के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल की पहचान मंटू बाउरी के रूप में हुई है। उसका इलाज जामताड़ा सदर अस्पताल में चल रहा है।बताया गया कि सन मून होटल के समीप उत्तम कुमार पंडित के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। भवन के ऊपर से बिजली का हाईटेंशन तार गुजर रहा है। शुक्रवार को पिलर निर्माण के लिए मजदूर लोहे का सरिया खड़ा कर रहे थे। इसी दौरान सरिया अचानक 11 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आ गया। तार छूते ही मंटू बाउरी को तेज विद्युत झटका लगा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।हादसे के बाद निर्माण स्थल पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्काल घायल को संभाला और आनन-फानन में जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि भवन के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरने के बावजूद निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सावधानी नहीं बरती गई। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और भवन निर्माण से जुड़े लोगों से ऐसे संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *