न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 12 सितंबर बाराबनी। बाराबनी विधानसभा क्षेत्र की नूनी ग्राम पंचायत में लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक समीकरण में शुक्रवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। विशेष बैठक में नए प्रधान और उपप्रधान के चुनाव के साथ ही पंचायत की कमान भाजपा के हाथों में आ गई। तृणमूल कांग्रेस के कब्जे वाली पंचायत में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया।पंचायत सदस्यों की मौजूदगी में आयोजित विशेष बैठक में ऋतु बाउरी को प्रधान तथा सीमा मंडल को उपप्रधान चुना गया। चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैसे ही इसकी जानकारी पार्टी समर्थकों तक पहुंची, पंचायत परिसर में जश्न शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर खुशी का इजहार किया और जमकर विजय उत्सव मनाया।सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा नेताओं ने पूर्व पंचायत बोर्ड पर कई गंभीर आरोप लगाए। बाराबनी विधायक अरिजीत राय के पिता अमल राय ने आरोप लगाया कि करीब 15 वर्षों तक तृणमूल के नेतृत्व में पंचायत रहने के बावजूद क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि विकास कार्यों के बजाय भ्रष्टाचार और कटमनी की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।अमल राय ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद नूनी पंचायत में पहली बार भाजपा का प्रधान चुना गया है। उनके अनुसार, नई टीम के नेतृत्व में अब विकास योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।भाजपा जिला कमेटी के नेता उज्ज्वल धीवर ने कहा कि नूनी के लोगों के लिए यह दिन महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आवास योजना से वंचित पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ जर्जर सड़कों की मरम्मत और जलनिकासी की समस्या दूर करने को प्राथमिकता दी जाएगी।
नूनी पंचायत में बदला सियासी समीकरण, तृणमूल को हटाकर भाजपा ने संभाली कमान

