अब हर घर की बिजली खपत होगी स्मार्ट, जामताड़ा में लगेंगे पोस्टपेड मीटर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 सितंबर जामताड़ा। जिले में बिजली व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में विद्युत विभाग ने कदम तेज कर दिया है। पुनर्गठित वितरण क्षेत्र सुधार योजना (आरडीएसएस) के तहत जामताड़ा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल क्षेत्र के घरेलू और व्यावसायिक परिसरों में पोस्टपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। विभाग ने इसे लेकर उपभोक्ताओं के लिए आवश्यक सूचना जारी करते हुए सहयोग की अपील की है।विद्युत विभाग के अनुसार, योजना के तहत संबंधित उपभोक्ताओं के वर्तमान कनेक्शन पर स्मार्ट मीटर लगाया जाना अनिवार्य है। इसके लिए विभागीय कर्मी उपभोक्ताओं के घरों और प्रतिष्ठानों में पहुंचकर मीटर लगाने का कार्य करेंगे। विभाग ने कहा है कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत मीटर बदलने के दौरान उपभोक्ताओं का सहयोग बेहद जरूरी है।विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्मार्ट मीटर लगाने के काम में किसी प्रकार की रुकावट डालना उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर विद्युत कनेक्शन में व्यवधान उत्पन्न करता है अथवा मीटर लगाने से रोकता है, तो उसके खिलाफ विभागीय नियमों के अनुरूप कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, जामताड़ा की ओर से जारी सूचना में सभी घरेलू एवं वाणिज्यिक उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे विभागीय कर्मचारियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं। विभाग का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी होने पर बिजली वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।बताया गया कि आरडीएसएस केंद्र सरकार की बिजली वितरण व्यवस्था में सुधार से जुड़ी योजना है। इसी के तहत जिले में स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान संचालित किया जा रहा है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि मीटर स्थापना के दौरान किसी तरह की अफवाह या भ्रम से बचें और अधिकृत विभागीय कर्मियों के साथ सहयोग करें, ताकि निर्धारित समय में कार्य पूरा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *