न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 12 सितंबर आसनसोल। देशभर में शनिवार को आयोजित वर्ष की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत का असर आसनसोल में भी व्यापक रूप से देखने को मिला। सुबह से ही आसनसोल अदालत परिसर में अपने मामलों के समाधान की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों की भीड़ के कारण पूरे परिसर में काफी चहल-पहल बनी रही।आसनसोल अदालत में मामलों के त्वरित निपटारे के लिए कुल 10 बेंचों का गठन किया गया था। अदालत के सचिव ने बताया कि लोक अदालत में करीब 10,500 मामलों को निपटारे के लिए सूचीबद्ध किया गया है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग अपने मामलों के समाधान के लिए पहुंचे हैं और कितने मामलों का अंतिम रूप से निपटारा हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी शाम तक सामने आएगी।इस बार लोक अदालत में ट्रैफिक चालान से जुड़े मामलों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। पुलिस के अनुसार, करीब 1,800 लोगों ने जुर्माना जमा करने के लिए आवेदन किया। ट्रैफिक मामलों के निपटारे के लिए चार अलग-अलग बेंचों पर सुनवाई और प्रक्रिया जारी रही।ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी ने बताया कि लोक अदालत में आने वाले लोगों को उनके मामलों की प्रकृति के अनुसार जुर्माने में नियमानुसार छूट दी जा रही है। छूट का लाभ मिलने से बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने राहत की सांस ली।लोक अदालत का उद्देश्य लंबित मामलों को आपसी सहमति और सरल प्रक्रिया के माध्यम से शीघ्र निपटाना है। ट्रैफिक जुर्माने में राहत मिलने से आम लोगों में भी लोक अदालत को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली।
आसनसोल में राष्ट्रीय लोक अदालत का दिखा बड़ा असर, 10 बेंचों पर 10,500 मामलों के निपटारे का लक्ष्य

