आसनसोल में पूर्वी क्षेत्र के निशानेबाजों का जमावड़ा, 10वीं ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप का भव्य आगाज

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 25 अगस्त आसनसोल। आसनसोल के चांदमारी स्थित आसनसोल राइफल क्लब में मंगलवार को खेलप्रेमियों के लिए खास दिन रहा। यहां भव्य समारोह के बीच 10वीं ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता 30 अगस्त तक चलेगी, जिसमें पूर्वी भारत के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं।प्रतियोगिता का उद्घाटन राज्य के खेल मंत्री डॉ. इंद्रनील खां ने फीता काटकर किया। समारोह में आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय, सेल के इस्को एवं दुर्गापुर स्टील प्लांट के डीआईसी सुरजीत मिश्रा, पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पन्नमबलम समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए खेल मंत्री ने कहा कि सरकार सभी खेल विधाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कई योजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मंत्रिमंडल में भी चर्चा हुई है। आगामी 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी खिलाड़ियों के लिए नई सहायता योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने प्रत्येक जिले में इंडोर स्टेडियम विकसित करने की योजना की भी जानकारी दी।आयोजकों के अनुसार, इस चैंपियनशिप में पश्चिम बंगाल के अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह से करीब 900 निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान पिस्टल और राइफल की विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ी अपने निशानेबाजी कौशल का प्रदर्शन करेंगे।आसनसोल राइफल क्लब की ओर से वी.के. ढल ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। 28 अगस्त को पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जबकि 30 अगस्त को चैंपियनशिप का औपचारिक समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *