न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 15 सितंबर कूल्टी। शारदीय दुर्गोत्सव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों के बीच कूल्टी क्लब में दुर्गापूजा समन्वय बैठक आयोजित की गई। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की पहल पर हुई बैठक की अध्यक्षता कूल्टी के एसीपी जावेद हुसैन ने की। इसमें कूल्टी थाना क्षेत्र के बराकर, नियामतपुर, सालानपुर-सांकतोड़िया और चौरंगी फाड़ी इलाके की विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ महावीर अखाड़ा कमेटी के सदस्य भी शामिल हुए।बैठक में पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों को सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजन करने की सलाह दी। लाइसेंस, ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल, श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने, यातायात प्रबंधन और पुलिस-प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।हालांकि बैठक के दौरान पूजा आयोजकों ने कूल्टी की बदहाल सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। आयोजकों ने कहा कि इलाके की कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से गड्ढों और टूट-फूट की समस्या से जूझ रही हैं। दुर्गापूजा के दौरान विभिन्न मंडपों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में खराब सड़कों के कारण दुर्घटना की आशंका के साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।पूजा समितियों ने प्रशासन से त्योहार शुरू होने से पहले प्रमुख सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की। साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की अपील की गई।बैठक में एसीपी जावेद हुसैन के अलावा नियामतपुर फाड़ी के ओसी उत्पल घोषाल, बराकर फाड़ी के ओसी अंजन रजक, चौरंगी फाड़ी के ओसी तरुण सिंह राय, सांकतोड़िया फाड़ी के ओसी विनय दास, कूल्टी ट्रैफिक ओसी विश्वजीत कुंडू तथा बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
पूजा से पहले कूल्टी में प्रशासन-पुलिस की समन्वय बैठक, जर्जर सड़कों को लेकर आयोजकों ने उठाई आवाज

