न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 सितंबर जामताड़ा। नगर क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की पहल के उद्देश्य से मंगलवार को जामताड़ा नगर पंचायत कार्यालय में मासिक जनता दरबार आयोजित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने विभिन्न वार्डों से पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।जनता दरबार में करीब दो दर्जन मामले सामने आए। इनमें नाली निर्माण, पीसीसी सड़क, जल निकासी, साफ-सफाई, भूमि विवाद और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। लोगों ने अपने मोहल्लों में लंबे समय से बनी समस्याओं को अध्यक्ष के समक्ष रखते हुए जल्द समाधान की मांग की।शिकायतों पर अध्यक्ष ने संबंधित कर्मियों को आवश्यकतानुसार स्थल निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जांच करने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों को लंबित रखने के बजाय समयबद्ध तरीके से उनके निष्पादन का प्रयास किया जाए।इसी दौरान एक दिव्यांग व्यक्ति प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग लेकर जनता दरबार पहुंचा। उसकी स्थिति और आवास की जरूरत को देखते हुए अध्यक्ष ने मामले को प्राथमिकता दी। संबंधित प्रक्रिया तत्काल पूरी कराते हुए उसके नाम प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति की कार्रवाई की गई। त्वरित पहल के बाद लाभुक के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान नगर पंचायत की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोगों को छोटी-छोटी शिकायतों के लिए कार्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, इसलिए नियमित जनता दरबार के माध्यम से समस्याओं को सीधे सुना जा रहा है।उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, जल निकासी और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। किसी भी वार्ड को विकास कार्यों से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों से समन्वय के साथ काम करने की अपील की। मौके पर वार्ड पार्षद समेत नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।
जनता दरबार में गूंजी मोहल्लों की समस्याएं, दिव्यांग लाभुक को मौके पर मिला पीएम आवास का लाभ

