न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 23 सितंबर बाराबनी। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की पहल पर बाराबनी थाना पुलिस ने छात्रों के बीच साइबर जागरूकता अभियान चलाया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के साथ सोशल मीडिया और इंटरनेट का सकारात्मक एवं शैक्षणिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में बाराबनी थाना के पुलिस अधिकारी दिव्येंदु मुखर्जी के अलावा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पुलिस अधिकारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट का इस्तेमाल सावधानी से किया जाए तो यह ज्ञान और शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।उन्होंने विशेष रूप से YouTube के शैक्षणिक उपयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी बड़ी संख्या में अध्ययन सामग्री मुफ्त में उपलब्ध है। आर्थिक रूप से कमजोर या कोचिंग का खर्च वहन नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों के लिए ऐसी सामग्री उपयोगी साबित हो सकती है।पुलिस अधिकारी ने विद्यालय के शिक्षकों से भी अपील की कि वे इच्छुक विद्यार्थियों को लेकर निःशुल्क अध्ययन या कोचिंग की व्यवस्था शुरू करने पर विचार करें। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को मार्गदर्शन देने में शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और इंटरनेट पर उपलब्ध मुफ्त संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है।साइबर अपराध को लेकर पुलिस ने विद्यार्थियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से बचने के लिए जागरूक किया गया।पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर पीड़ित तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ इंटरनेट को शिक्षा और भविष्य निर्माण का साधन बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
बाराबनी में साइबर जागरूकता शिविर: पुलिस ने छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचने के साथ YouTube के सदुपयोग का दिया संदेश

