न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 अक्टूबर जामताड़ा। झारखंड सरकार के नए वित्तीय निर्देश के बाद सरकारी शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए जीपीएफ आधार ई-केवाईसी की प्रक्रिया महत्वपूर्ण हो गई है। जामताड़ा के जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति ने जिले के सभी प्राथमिक, मध्य एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालयों में कार्यरत सरकारी शिक्षकों तथा संबंधित कर्मियों को कर्मचारी सेवा पोर्टल पर जीपीएफ आधार ई-केवाईसी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है।जिला शिक्षा अधीक्षक ने बताया कि कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया जरूरी की गई है। कर्मचारी सेवा पोर्टल पर नियुक्ति से लेकर सेवानिवृत्ति तक सेवा से जुड़े विभिन्न रिकॉर्ड दर्ज रहते हैं। अब जीपीएफ प्रोफाइल में किसी भी प्रकार के संशोधन या सुधार के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी आवश्यक होगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि ई-केवाईसी के दौरान आधार कार्ड, जीपीएफ रिकॉर्ड और पैन कार्ड में दर्ज कर्मचारी के नाम की स्पेलिंग समान होनी चाहिए। इसके साथ ही वेतन संबंधी रिकॉर्ड, कर्मचारी सेवा पोर्टल, आधार और पैन से जुड़े मोबाइल नंबर का भी मिलान जरूरी है। संबंधित मोबाइल नंबर आधार से लिंक होना चाहिए।रिकॉर्ड में किसी तरह की विसंगति रहने अथवा ई-केवाईसी लंबित रहने पर कर्मचारियों को एडवांस जीपीएफ लेने, जीपीएफ बैलेंस देखने तथा अन्य वित्तीय प्रक्रियाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसका असर सेवानिवृत्ति के समय जीपीएफ राशि और अन्य सेवा लाभ प्राप्त करने पर भी पड़ सकता है।जिला शिक्षा अधीक्षक ने सभी शिक्षकों एवं कर्मियों से पोर्टल पर लॉगिन कर अपने दस्तावेज और व्यक्तिगत विवरणों की जांच करने तथा जरूरत पड़ने पर सुधार कराकर ई-केवाईसी प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की अपील की है। समय पर प्रक्रिया पूरी होने से वेतन, जीपीएफ और अन्य सेवा संबंधी कार्यों में अनावश्यक बाधा से बचा जा सकेगा।
जीपीएफ ई-केवाईसी में लापरवाही पड़ेगी भारी, शिक्षकों को जल्द अपडेट करना होगा सेवा रिकॉर्ड
