10 अक्टूबर को सभी बूथों पर मेगा हेल्प डेस्क, SIR के लंबित मामलों के निपटारे पर रहेगा जोर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 अक्टूबर जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर आगामी 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप में मतदाताओं की समस्याओं, लंबित प्रपत्रों और मतदाता सूची में आवश्यक सुधार से जुड़े मामलों का समाधान किया जाएगा।अभियान के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ और बीएलए-2 की चौथी बैठक के साथ चौथे चरण की चुनाव पाठशाला भी आयोजित होगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि एसआईआर की प्रक्रिया में किसी भी पात्र नागरिक को अनावश्यक परेशानी न हो और योग्य मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज किया जा सके।कैंप में उन पात्र भारतीय मतदाताओं की पहचान कर उन्हें जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहायता दी जाएगी, जिन्हें नो-मैपिंग या एनोमली के कारण नोटिस जारी हुआ है। इसके अलावा ऐसे मतदाताओं की भी अलग सूची तैयार की जाएगी, जिनके नाम, जन्मस्थान अथवा माता-पिता के भारत में जन्मस्थान से संबंधित आवश्यक जानकारी या दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं।प्रशासन 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे युवाओं को भी चिन्हित करेगा, जो अभी तक मतदाता नहीं बने हैं अथवा जिन्होंने फॉर्म-6 नहीं भरा है। इसी तरह एसआईआर ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हो पाए प्रवासी मतदाताओं को भी चिह्नित कर फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।वहीं मतदाता सूची में त्रुटियों के कारण नोटिस पाने वाले और अब तक फॉर्म-8 जमा नहीं करने वाले मतदाताओं से फॉर्म-8 प्राप्त कर सुधार की कार्रवाई की जाएगी।उपायुक्त ने अधिकारियों को कैंप में प्राप्त आवेदनों और कार्रवाई का विधानसभा क्षेत्र एवं मतदान केंद्रवार रिकॉर्ड रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए सभी स्तरों पर पूरी गंभीरता से काम किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *