जामताड़ा में इंडिया गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन, चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 अक्टूबर जामताड़ा। देशभर में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चल रहे विरोध के बीच जामताड़ा में कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के नेताओं ने आंदोलन को धार देने की रणनीति तैयार की। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के आवास पर आयोजित महाबैठक में गठबंधन के विभिन्न दलों के नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज बुलंद की।बैठक में नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया। इस दौरान ‘मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा दो’, ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’ और ‘SIR प्रक्रिया देशभर में बंद करो’ जैसे नारे लगाए गए। नेताओं ने बिहार, असम और पश्चिम बंगाल में हाल में हुए चुनावों को लेकर भी सवाल उठाए तथा इन राज्यों में चुनाव प्रक्रिया को रद्द करने की मांग रखी।बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया से आम मतदाताओं के अधिकार प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सभी राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के नेताओं ने संकेत दिया कि चुनाव आयोग के खिलाफ चल रहे देशव्यापी विरोध को स्थानीय स्तर पर भी व्यापक बनाया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को संगठित करने और आंदोलन को गांव एवं प्रखंड स्तर तक ले जाने पर चर्चा हुई।बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपिका बेसरा, कार्यकारी जिलाध्यक्ष विजय दुबे, प्रदेश कांग्रेस सचिव प्रभु मंडल, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता इरशादुल हक अरसी, निशापति हांसदा, राष्ट्रीय जनता दल जिलाध्यक्ष दिनेश यादव, सीपीएम के कामरेड सूचित माझी, चंडी दास पुरी सहित इंडिया गठबंधन के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने संयुक्त रूप से लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *