न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 अक्टूबर जामताड़ा। बिहार की राजधानी पटना से चोरी हुई टाटा नेक्सन कार के साथ जामताड़ा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को पकड़ा। गिरफ्तार युवक की पहचान बिहार के जहानाबाद निवासी मोहित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने कार को जब्त कर मामले की छानबीन शुरू कर दी।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र से 14 अक्टूबर की रात टाटा नेक्सन कार (रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 53 ईजे 3705) चोरी हो गई थी। वाहन मालिक अजय कुमार ने 15 अक्टूबर को स्थानीय थाने में लिखित शिकायत देकर घटना की जानकारी दी थी। शिकायत के आधार पर रामकृष्ण नगर थाना में कांड संख्या 1096/2026 दर्ज कर पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू की थी।चोरी की घटना के बाद पटना पुलिस विभिन्न माध्यमों से कार का पता लगाने में जुटी थी। इसी दौरान गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के जरिए वाहन के झारखंड की ओर बढ़ने का सुराग मिला। इसके बाद पटना पुलिस ने जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को इसकी सूचना दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर निगरानी तेज कर दी गई। इसी क्रम में जामताड़ा थाना क्षेत्र के सतसाल-बसनली के समीप संदिग्ध टाटा नेक्सन को रोककर जांच की गई। वाहन चोरी का होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने उसे जब्त कर लिया और कार चला रहे मोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया।कार बरामद होने और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब चोरी की पूरी घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन चोरी में गिरफ्तार युवक की वास्तविक भूमिका क्या थी तथा इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति या संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पटना से चोरी कार लेकर झारखंड पहुंचा युवक, जामताड़ा पुलिस ने हाईवे पर दबोचा
