गोपालपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, साड़ी के फंदे से लटका मिला शव; दहेज प्रताड़ना का आरोप

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में शुक्रवार को 22 वर्षीय विवाहिता फूल कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। एक खपड़ैल मकान के भीतर उसका शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हलचल मच गई। वहीं, मृतका के ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों के घर से गायब होने की बात सामने आई है।जानकारी के अनुसार, पड़ोसियों ने घटना की सूचना मृतका के मायके वालों को दी। खबर मिलते ही कालाझरिया सामू पोखर निवासी परिजन गोपालपुर पहुंचे और पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पर करमाटांड़ थाना प्रभारी एवं एएसआई कमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।मृतका की मां मंजू देवी ने अपनी बेटी के ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विवाह के बाद से ही फूल कुमारी को कथित रूप से परेशान किया जा रहा था। मां के मुताबिक, गुरुवार दोपहर को भी उनकी बेटी से बातचीत हुई थी। उस समय बातचीत के दौरान उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ था। ऐसे में रात के दौरान किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह परिवार के लिए बड़ा सवाल बना हुआ है।परिजनों के अनुसार, फूल कुमारी की शादी लगभग दो वर्ष पहले हुई थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। दहेज प्रताड़ना से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *