नाला में खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली बनी मौत का कारण, बाइक सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 28 अक्टूबर जामताड़ा। जामताड़ा जिले के नाला-दुमका मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पिता-पुत्र की जान चली गई। सियारकटिया मोड़ के समीप सड़क किनारे खराब हालत में खड़ी ट्रैक्टर की ट्रॉली से बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया।मृतकों की पहचान सांगाजुड़ी निवासी सागर डोम (50) और उनके पुत्र छोटन डोम (35) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों एक ही बाइक से नाला अस्पताल से इलाज कराकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सियारकटिया मोड़ के पास सड़क किनारे खड़ी खराब ट्रैक्टर ट्रॉली से उनकी बाइक जा भिड़ी। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।सूचना मिलते ही नाला थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को नाला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पिता-पुत्र की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने नाला-दुमका मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा और भाजपा के वरिष्ठ नेता माधव चंद्र महतो भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और प्रशासन से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।मौके पर पुलिस निरीक्षक बिहारी मरांडी, थाना प्रभारी विकास कुमार यादव, एएसआई निताई दास, पिंटू सिंह, बलभद्र टुडू, मुखिया प्रतिनिधि गुपीन सोरेन सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहे।समाचार लिखे जाने तक रात आठ बजे सड़क जाम जारी था। पुलिस प्रशासन आवागमन बहाल कराने और स्थिति सामान्य करने में जुटा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *