न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 31 अक्टूबर रूपनारायणपुर। हिंदुस्तान केबल्स ओल्ड कॉलोनी में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में रूपनारायणपुर पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान 63 वर्षीय गोरेलाल यादव के रूप में हुई है। पुलिस उसे आसनसोल अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में लेने की मांग करेगी।मामले में इससे पहले दीपक यादव (30) और सुरेंदर यादव (38) को गिरफ्तार किया गया था। दोनों को 30 अक्टूबर को आसनसोल कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से अदालत ने उन्हें 10 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। ताजा गिरफ्तारी के बाद इस हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, देशबंधु पार्क इलाके में ‘विक्की मोमोवाला’ के नाम से पहचान रखने वाले मोमो कारोबारी की हत्या के पीछे कथित तौर पर प्रेम संबंध को लेकर उपजा विवाद बताया जा रहा है। आरोप है कि जोड़बाड़ी इलाके के एक युवक की पत्नी के साथ कथित अवैध संबंध के संदेह में विक्की को बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।इस वारदात के बाद हिंदुस्तान केबल्स और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय नागरिकों से लेकर विभिन्न सामाजिक वर्गों तक ने भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर सवाल उठाए हैं।विधायक अरिजीत रॉय ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में किसी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और किसी भी विवाद का समाधान हिंसा के जरिए नहीं किया जा सकता। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदुस्तान केबल्स हत्याकांड में पुलिस की एक और गिरफ्तारी, 63 वर्षीय गोरेलाल यादव दबोचा गया
