वीरग्राम फुटबॉल टूर्नामेंट में पंजानिया का दबदबा, फाइनल में चलना को हराकर बना चैंपियन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 1 नवंबर जामताड़ा। जामताड़ा प्रखंड के वीरग्राम में एएसएस क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। खिताबी भिड़ंत में पंजानिया और चलना की टीम आमने-सामने थीं। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पंजानिया की टीम ने जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे।समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दुमका लोकसभा सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार मंडल शामिल हुए। उनके साथ झामुमो जिलाध्यक्ष सह पंजानिया पंचायत के मुखिया नरेंद्र मुर्मू, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष सगीर खान, केंद्रीय समिति सदस्य बासुदेव मरांडी तथा जामताड़ा नगर के वार्ड सदस्य सह झामुमो नगर सचिव विजय रावत उपस्थित थे। अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद अशोक कुमार मंडल ने कहा कि खेल में हार-जीत स्वाभाविक है, लेकिन अनुशासन और खेल भावना सबसे महत्वपूर्ण हैं। आज हारने वाली टीम कल विजेता बन सकती है। उन्होंने भविष्य में बड़े स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित करने और खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। वहीं सगीर खान ने युवाओं से खेल, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।आयोजन की सफलता में क्लब अध्यक्ष हीरालाल मुर्मू, सचिव बेणेश्वर मुर्मू और आयोजक सत्यनारायण मुर्मू की अहम भूमिका रही। मौके पर पूर्व उपमुखिया काजल कुमार मंडल, अब्दुल मजीद, आवेदीन अंसारी, इस्माइल अंसारी और सनाउल अंसारी सहित अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद थे।प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *