बिना लाइसेंस चल रहा था पांडेडीह का होटल, तीन प्रतिष्ठानों से पनीर समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 नवंबर जामताड़ा। त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नारायणपुर प्रखंड के विभिन्न लाइन होटलों में औचक जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा से जुड़े कई नियमों की अनदेखी सामने आई। कहीं होटल बिना वैध लाइसेंस के संचालित मिला, तो कहीं रसोईघर की स्वच्छता पर सवाल उठे। वहीं, एक प्रतिष्ठान से प्रतिबंधित अखाद्य रंग भी बरामद किया गया।जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजा कुमार और पवन चौधरी ने संयुक्त रूप से विभिन्न होटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान पांडेडीह स्थित आरंभ लाइन होटल बिना वैध खाद्य अनुज्ञप्ति के चलता पाया गया। जांच के दौरान वहां रखे चार पैकेट एक्सपायरी अमूल दही को तत्काल नष्ट कराया गया। इसके अलावा पनीर और रसगुल्ले के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।वहीं, नारायणपुर स्थित ओम साईं होटल एंड रेस्टोरेंट की जांच में पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। अधिकारियों ने रसोईघर का भी जायजा लिया, जहां साफ-सफाई और स्वच्छता की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। दूसरी ओर, बरियारपुर स्थित मंडल लाइन होटल में निरीक्षण के दौरान अखाद्य रंग जब्त किया गया। यहां से भी पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए रांची भेजा गया।खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, संग्रहित नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट, एक्सपायरी सामग्री के इस्तेमाल और स्वच्छता मानकों की अनदेखी पर रोक लगाने के लिए जिले में इस तरह का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *