न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 नवंबर मिहिजाम। बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानने और उन्हें अपनी योग्यता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से मिहिजाम के सृजन पब्लिक स्कूल में ऑल इंडिया टैलेंट सर्च परीक्षा का आयोजन किया गया। आम बागान दुर्गामंदिर के निकट स्थित स्मार्ट गुरुकुल एकेडमी (SGA) की पहल पर आयोजित इस परीक्षा में विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।सुरभारती संगीत कला केंद्र द्वारा आयोजित इस प्रतिभा खोज परीक्षा में बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास और लगन के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों के लिए यह आयोजन अपनी शैक्षणिक क्षमता, समझ और प्रतिभा को परखने का एक बेहतर अवसर साबित हुआ।आयोजकों का मानना है कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है। जरूरत केवल उसे पहचानने, निखारने और सही दिशा देने की है। इसी सोच के साथ स्मार्ट गुरुकुल एकेडमी क्षेत्र के विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं से जोड़ने का प्रयास कर रही है। ऐसे आयोजन बच्चों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने के साथ-साथ उनका आत्मविश्वास भी मजबूत करते हैं।स्मार्ट गुरुकुल एकेडमी की ओर से कहा गया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए इस तरह की शैक्षणिक एवं प्रतिभा आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के बच्चों को अपनी क्षमता दिखाने के लिए समान अवसर मिल सके।कार्यक्रम के सफल आयोजन पर एकेडमी की ओर से सृजन पब्लिक स्कूल के प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
बच्चों की प्रतिभा को परखने का मंच बनी ऑल इंडिया टैलेंट सर्च परीक्षा, सृजन पब्लिक स्कूल में दिखा उत्साह
