बीसीसीएल के बंद क्वार्टर में चल रहा था अवैध झारखंड लॉटरी का प्रिंटिंग सेंटर, करीब एक करोड़ रुपये की टिकटें जब्त, एक गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 2 अगस्त निरसा। धनबाद जिले के निरसा अनुमंडल क्षेत्र में अवैध झारखंड लॉटरी कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर चिरकुंडा थाना पुलिस ने बीसीसीएल के एक परित्यक्त एवं जर्जर क्वार्टर में छापेमारी कर अवैध लॉटरी टिकटों की मिनी प्रिंटिंग यूनिट का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य की छपी हुई अवैध लॉटरी टिकटें, प्रिंटिंग मशीनें तथा अन्य उपकरण बरामद किए गए। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।यह अभियान निरसा के एसडीपीओ लिलेश्वर महतो के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस जब बीसीसीएल के बंद पड़े क्वार्टर में पहुंची तो वहां बड़े पैमाने पर अवैध झारखंड लॉटरी टिकटों की छपाई, कटिंग और पैकिंग का काम चल रहा था। पुलिस ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर वहां मौजूद सभी सामग्री जब्त कर ली।प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि इस स्थान का उपयोग काफी समय से अवैध लॉटरी कारोबार के संचालन के लिए किया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि यहां तैयार होने वाली टिकटों की आपूर्ति धनबाद सहित आसपास के कई इलाकों में की जाती थी। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई लॉटरी टिकटों की वास्तविक संख्या, इस्तेमाल की गई प्रिंटिंग मशीनों की कुल संख्या तथा इस अवैध नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भूमिका की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। इस कार्रवाई के बाद अवैध लॉटरी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *