न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 24 अगस्त सालानपुर। पश्चिम बर्धमान जिले में कांग्रेस संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद के तहत सोमवार को सालानपुर ब्लॉक में ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत बैठक आयोजित की गई। ब्लॉक के एक निजी सभागार में हुई बैठक में महाराष्ट्र के पूर्व विधायक एवं पश्चिम बर्धमान जिले के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक राजेश राठौड़ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार को लेकर चर्चा की।राजेश राठौड़ ने कहा कि एआईसीसी के निर्देश पर देशभर में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जिला कांग्रेस कमेटियों को पुनर्गठित कर संगठन को बूथ और जमीनी स्तर तक मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए नए जिला अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी स्थानीय निकाय और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने में जुटी है। राठौड़ ने दावा किया कि पार्टी के विभिन्न विभागों में महिलाओं, अल्पसंख्यकों, एससी-एसटी और ओबीसी वर्ग के नेताओं व कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारी देने की योजना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में क्षेत्र में कांग्रेस का संगठन और मजबूत होगा।बैठक के दौरान कल्याण ग्राम पंचायत क्षेत्र के 100 से अधिक कार्यकर्ता-समर्थकों के कांग्रेस में शामिल होने का दावा किया गया। राठौड़ ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए इसे ‘घर वापसी’ बताया।सालानपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंशुमान महतो ने कहा कि अभियान का मुख्य लक्ष्य पार्टी को ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने कांग्रेस के जनाधार में बढ़ोतरी का दावा करते हुए कहा कि पार्टी भविष्य में और मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेगी।कार्यक्रम में जयदेव राय, विवेकानंद साव, ज्योतिर्मय मंडल, दिलीप राय, सर्वजीत सिन्हा समेत युवा कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद हिंदुस्तान केबल्स स्थित वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के बीच भोजन भी वितरित किया गया।
सालानपुर में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान तेज, राजेश राठौड़ बोले- जमीनी स्तर पर मजबूत होगा संगठन

