जामताड़ा सदर अस्पताल में पित्ताशय की पथरी का पहला सफल ऑपरेशन, ओपन सर्जरी से डॉक्टरों ने पाई कामयाबी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 13 अक्टूबर जामताड़ा। जामताड़ा सदर अस्पताल में चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि दर्ज हुई है। अस्पताल में पहली बार पित्ताशय (गॉलब्लैडर) में जमा पथरियों को निकालने के लिए ऑपरेशन किया गया, जो सफल रहा। पेट दर्द से परेशान होकर अस्पताल पहुंचे मरीज की जांच के दौरान पित्ताशय में कई पथरियों की मौजूदगी सामने आई थी। इसके बाद चिकित्सकों ने ऑपरेशन का निर्णय लिया। आवश्यक जांच और चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद मरीज की सर्जरी की गई।सदर अस्पताल के जनरल सर्जन डॉ. विशाल ने बताया कि मरीज पेट में दर्द की शिकायत लेकर उनके पास आया था। जांच के दौरान गॉलब्लैडर में अलग-अलग आकार की कई पथरियां दिखाई दीं। समस्या को देखते हुए मरीज को ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कर जरूरी जांच की गई और चिकित्सकीय देखरेख में सर्जरी संपन्न कराई गई। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ।डॉ. विशाल के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान कुछ चुनौतियां भी सामने आईं। अस्पताल में लैप्रोस्कोपी की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण दूरबीन विधि से सर्जरी करने के बजाय ओपन ऑपरेशन करना पड़ा। चिकित्सकीय टीम ने उपलब्ध संसाधनों के बीच ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।उन्होंने बताया कि मरीज के पित्ताशय में मौजूद पथरियां एक समान आकार की नहीं थीं। कुछ पथरियां एक सेंटीमीटर से बड़ी थीं, जबकि कुछ आकार में छोटी थीं। जांच रिपोर्ट और मरीज की स्थिति के आधार पर सर्जरी की प्रक्रिया अपनाई गई।सदर अस्पताल में पहली बार इस प्रकार का ऑपरेशन सफल होना स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए अहम उपलब्धि है। इससे जिले में सरकारी अस्पताल की सर्जिकल सेवाओं को लेकर उम्मीद बढ़ी है। वहीं, लैप्रोस्कोपी जैसी आधुनिक तकनीक की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को उपचार के अधिक विकल्प मिल सकते हैं। फिलहाल इस सफल सर्जरी को अस्पताल के लिए एक महत्वपूर्ण चिकित्सकीय उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *