न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 12 सितंबर आसनसोल। उचित पारिश्रमिक और काम के दौरान सुरक्षा समेत कई मांगों को लेकर एक बहुराष्ट्रीय ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी के कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। डिलीवरी कर्मियों के कार्य बहिष्कार के कारण बुधवार शाम से ही आसनसोल शहर में ऑनलाइन भोजन पहुंचाने की व्यवस्था प्रभावित हुई है। गुरुवार को भी कर्मचारियों का आंदोलन जारी रहने से सेवा सामान्य नहीं हो सकी।जानकारी के अनुसार, डिलीवरी कर्मियों ने आसनसोल के जीटी रोड स्थित बीएनआर मोड़ के समीप एकत्र होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अपने डिलीवरी बैग और बॉक्स सड़क पर रखकर कंपनी के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।आंदोलनरत कर्मचारियों का कहना है कि मौजूदा भुगतान व्यवस्था में वाहन का ईंधन, रखरखाव और अन्य खर्च निकालने के बाद उनकी वास्तविक कमाई बेहद कम रह जाती है। उनका प्रमुख मुद्दा प्रति किलोमीटर न्यूनतम पांच रुपये भुगतान निर्धारित करना है। इसके साथ ही डिलीवरी के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की जा रही है।प्रदर्शन के दौरान कंपनी का एक अधिकारी मौके पर पहुंचा। कर्मचारियों के अनुसार, शुरुआती बातचीत के दौरान मांगों को लेकर सहमति नहीं बन सकी और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। बाद में अधिकारी ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।हालांकि, कर्मचारियों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार आश्वासन मिल चुका है, लेकिन उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ। यही वजह है कि इस बार वे लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हैं। हड़ताल लंबी खिंचने पर शहर में ऑनलाइन भोजन आपूर्ति व्यवस्था पर और असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
₹5 प्रति किमी भुगतान और सुरक्षा की मांग, आसनसोल में फूड डिलीवरी सेवा ठप

