न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 22 जुलाई 2026 आसनसोल। लगातार हो रही बारिश और दामोदर नदी में अचानक बढ़े जलस्तर ने एक बार फिर बर्नपुर क्षेत्र की बड़ी समस्या को उजागर कर दिया। पश्चिम बर्दवान जिले के बर्नपुर स्थित रिवरसाइड (लैमायर्स पार्क के समीप) दामोदर नदी पर बना अस्थायी लकड़ी एवं बांस का पुल हरपा बाढ़ की तेज धारा में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुल टूटने से पश्चिम बर्दवान का बांकुड़ा और पुरुलिया के सीमावर्ती इलाकों से सीधा संपर्क फिलहाल बाधित हो गया है।स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात के मौसम में मैथन और पंचेत बांध से पानी छोड़े जाने के बाद दामोदर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है। ऐसे समय में यह अस्थायी पुल हर वर्ष क्षतिग्रस्त होता है या बह जाता है। इस बार भी तेज बहाव के कारण पुल टिक नहीं सका और कुछ ही घंटों में नदी की धारा में समा गया।यह पुल क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों और दैनिक यात्रियों के लिए सबसे आसान आवागमन का माध्यम था। पुल के टूटने के बाद लोगों को अब नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है, जिसे स्थानीय लोग जोखिम भरा मानते हैं। वहीं सड़क मार्ग से आने-जाने वालों को करीब 50 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। वर्तमान में मेजिया पुल (एनएच-60) और दुर्गापुर बैराज ही वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपलब्ध हैं, जिससे लोगों का समय और खर्च दोनों बढ़ गया है।श्रावण मास में बिहारीनाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी अधिक रहती है। पुल के ध्वस्त होने से धार्मिक यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि संपर्क टूटने से छोटे कारोबार और ग्रामीण बाजारों पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि वर्षों से दामोदर नदी पर एक स्थायी कंक्रीट पुल की मांग की जा रही है। इस मुद्दे को लेकर कई बार प्रदर्शन और जनआंदोलन भी हुए हैं। लोगों का मानना है कि यदि स्थायी पुल बन जाए तो हर साल बरसात में होने वाली इस समस्या से हमेशा के लिए राहत मिल सकती है।हाल के बजट में बर्नपुर को बांकुड़ा से जोड़ने वाले स्थायी पुल के निर्माण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर पहल की चर्चा जरूर हुई है। अब स्थानीय लोगों की निगाहें सरकार और संबंधित विभागों पर टिकी हैं कि यह महत्वपूर्ण परियोजना कब धरातल पर उतरती है। फिलहाल पुल टूटने से पूरे इलाके में आवागमन प्रभावित है और लोग शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था तथा स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
हरपा बाढ़ का कहर: दामोदर की तेज धारा में बहा बर्नपुर का अस्थायी पुल, बंगाल-बांकुड़ा संपर्क टूटा
