न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 11 अक्टूबर जामताड़ा। नवरात्र के उल्लास के बीच रविवार को गांधी मैदान में आयोजित डांडिया महोत्सव-2026 आस्था, संगीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुलजार रहा। मां दुर्गा की आराधना के साथ शुरू हुए इस आयोजन में देर रात तक डांडिया की खनक और भक्ति गीतों की स्वर लहरियां गूंजती रहीं। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी दो सौ से अधिक महिलाओं ने सामूहिक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्सव के रंग में रंग दिया।जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता और तरुण गुप्ता के आयोजन में हुए कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की स्तुति से हुई। सेंट एंथोनी स्कूल की छात्रा ने देवी स्तुति पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद सूरत से पहुंचीं गायिका अर्चना गोस्वामी ने गणेश वंदना, दुर्गा स्तुति और भक्ति गीतों की प्रस्तुति से समां बांध दिया। भक्ति संगीत के बाद डांडिया की तेज होती लय पर मैदान में मौजूद महिलाएं और युवतियां थिरक उठीं।महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण ‘आई लव जामताड़ा’ रील प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रचनात्मक वीडियो के माध्यम से शहर की खूबसूरती, पहचान और जामताड़ा से अपने जुड़ाव को सामने रखा। कड़ी प्रतिस्पर्धा में शमीम अंसारी ने प्रथम, रिशव कुमार ने द्वितीय और नित्यानंद रवानी ने तृतीय स्थान हासिल किया। छह वर्षीय कियारा को विशेष रूप से सांत्वना पुरस्कार दिया गया।कार्यक्रम में एडीजे-वन, डीएफओ, एसडीपीओ, जामताड़ा थाना प्रभारी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। भक्ति, संगीत, नृत्य और डिजिटल रचनात्मकता के इस संगम ने डांडिया महोत्सव को जामताड़ा की सांस्कृतिक विविधता और सामूहिक उत्साह का यादगार मंच बना दिया।
डांडिया की थाप पर झूमा जामताड़ा, ‘आई लव जामताड़ा’ रील में शमीम अंसारी ने मारी बाजी
