नवजात बेटियों के स्वागत में आगे आया मारवाड़ी युवा मंच, छह कन्याओं के माता-पिता हुए सम्मानित

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 अक्टूबर जामताड़ा। बेटियों के जन्म को उत्सव और सम्मान से जोड़ने की पहल के तहत मारवाड़ी युवा मंच, जामताड़ा शाखा ने नवरात्र के अवसर पर अपने नौ दिवसीय कन्या सम्मान अभियान की शुरुआत की। अभियान के पहले दिन सदर अस्पताल, जामताड़ा में जन्मी छह नवजात कन्याओं के माता-पिता को उपहार किट देकर सम्मानित किया गया।मंच की इस पहल का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को मजबूत करना है। नवजात बच्चियों के परिवारों के बीच पहुंचकर मंच के सदस्यों ने उनके आगमन की खुशी साझा की और बेटी के जन्म को परिवार के लिए गौरव का विषय बताया। अभियान के तहत आगामी नौ दिनों तक अस्पताल में जन्म लेने वाली कन्याओं के परिवारों को सम्मानित करने का सिलसिला जारी रहेगा।कार्यक्रम संयोजक युवा राहुल संघी ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जन्म पर खुशियां मनाने के साथ उन्हें सम्मान देना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव केवल बड़े अभियानों से नहीं, बल्कि ऐसे छोटे और निरंतर प्रयासों से भी संभव है।युवा कृष्णा डोकानिया और युवा राहुल संघी के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। मौके पर शाखा अध्यक्ष युवा जतिन परशुरामका, सचिव युवा अभिषेक डोकानिया, कोषाध्यक्ष युवा सूरज अग्रवाल सहित मंच के अन्य सदस्य मौजूद रहे।मारवाड़ी युवा मंच ने समाज के लोगों से इस अभियान से जुड़ने और सहयोग करने की अपील की है। मंच का कहना है कि सामूहिक भागीदारी से बेटियों के जन्म को लेकर समाज में सम्मान, समानता और सकारात्मक सोच का संदेश और मजबूत किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *