76वें दुर्गोत्सव का शुभारंभ: चित्तरंजन के एरिया-5 में खूटी पूजा के साथ सजी उत्सव की बुनियाद, ‘राजबाड़ी’ थीम बनेगी आकर्षण का केंद्र

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 25 जुलाई चित्तरंजन। रेल नगरी चित्तरंजन में शारदीय दुर्गोत्सव की तैयारियां अब पूरी गति पकड़ने लगी हैं। शहर की प्रतिष्ठित एरिया-5 दुर्गा पूजा समिति ने शुक्रवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक खूटी पूजा संपन्न कर अपने 76वें दुर्गोत्सव का औपचारिक आगाज किया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे तथा मां दुर्गा के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया।खूटी पूजा के साथ ही पूजा पंडाल निर्माण का कार्य भी विधिवत शुरू कर दिया गया। समिति ने इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए कुछ विशेष करने की योजना बनाई है। आयोजकों के अनुसार, इस बार पूजा पंडाल को बंगाल की ऐतिहासिक राजबाड़ी की स्थापत्य शैली पर तैयार किया जाएगा। पारंपरिक वास्तुकला, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और मनमोहक सजावट के माध्यम से पंडाल को भव्य स्वरूप दिया जाएगा, जबकि मां दुर्गा की प्रतिमा भी विशेष कलात्मक शैली में निर्मित होगी।एरिया वाइस वार्डन एस.एन. झा और समिति के सक्रिय सदस्य नेपाल चक्रवर्ती ने बताया कि एरिया-5 की दुर्गा पूजा पिछले 75 वर्षों से धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक रही है। उन्होंने कहा कि 76वें वर्ष में भी समिति का प्रयास रहेगा कि श्रद्धालुओं को भक्ति, कला और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिले। इसके लिए आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।खूटी पूजा के साथ ही पूरे चित्तरंजन में दुर्गोत्सव की आहट स्पष्ट महसूस होने लगी है। खासकर इस वर्ष की ‘राजबाड़ी’ थीम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी एरिया-5 दुर्गा पूजा अपनी भव्यता, आकर्षक सजावट और उत्कृष्ट आयोजन के कारण श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। अभी से लोग इस भव्य पंडाल और मां दुर्गा के दिव्य दर्शन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *