न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 15 सितंबर आसनसोल। आसनसोल शहर में टोटो और ऑटो के बढ़ते दबदबे को लेकर मिनी बस मालिकों व कर्मचारियों में नाराजगी गहराने के बाद दो दिनों से ठप सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मंगलवार को फिर पटरी पर लौट आई। बस सेवा बंद रहने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।बताया गया कि शहर के अलग-अलग इलाकों में कथित तौर पर नियमों की अनदेखी कर टोटो और ऑटो का परिचालन बढ़ता जा रहा है। मिनी बस संचालकों का आरोप है कि इससे उनके कारोबार पर असर पड़ रहा है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर टोटो चालकों द्वारा मिनी बस के चालकों और कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत भी सामने आई थी।इसी के विरोध में आसनसोल सिटी बस स्टैंड से विभिन्न रूटों पर चलने वाली मिनी बसों का परिचालन पिछले दो दिनों से बंद था। अचानक बस सेवा रुक जाने से यात्रियों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर होना पड़ा। इससे कई रूटों पर यात्रियों की परेशानी बढ़ गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने मिनी बस मालिकों और कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक की ओर से समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिया गया। पुलिस-प्रशासन की ओर से भी कार्रवाई और सहयोग का आश्वासन मिलने के बाद बस मालिकों ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।मंगलवार सुबह से आसनसोल के विभिन्न रूटों पर मिनी बसों का परिचालन दोबारा शुरू हो गया। इससे यात्रियों ने राहत की सांस ली।आसनसोल मिनी बस एसोसिएशन के सचिव सुदीप राय ने कहा कि विधायक और प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन के बाद बस सेवा बहाल की गई है। वहीं विधायक प्रतिनिधि दीपक गुप्ता ने कहा कि बस मालिक और कर्मचारी कुछ समस्याओं के कारण परिचालन रोकने को मजबूर हुए थे, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही थी। प्रशासन ने समस्या के समाधान का भरोसा दिया है।
टोटो-ऑटो के खिलाफ मिनी बस मालिकों का विरोध, विधायक की पहल के बाद आसनसोल में फिर दौड़ी बसें

