मतदाता सूची में गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं, आयुक्त ने पुनरीक्षण कार्य का लिया जायजा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 सितंबर जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम-2026 के तहत संथाल परगना प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त सह मतदाता सूची प्रेक्षक शैलेंद्र कुमार लाल ने गुरुवार को जामताड़ा जिले में चल रहे पुनरीक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने फतेहपुर प्रखंड के खमारबाद पंचायत सचिवालय पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित सुनवाई प्रक्रिया की स्थिति जानी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने प्रखंड, अंचल और पंचायत स्तर पर संचालित No Mapping एवं Anomalies से जुड़े मामलों की सुनवाई की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों से मतदाताओं के दावों, आपत्तियों, प्रपत्रों के संधारण तथा पुनरीक्षण से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के लिए सभी प्रक्रियाओं का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने और किसी योग्य नागरिक का नाम छूटने से रोकने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता काफी हद तक सही और त्रुटिरहित मतदाता सूची पर निर्भर करती है। ऐसे में पुनरीक्षण कार्य को केवल औपचारिकता न मानकर पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाना चाहिए।इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। आयुक्त ने पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा मतदाताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *