‘संडे ऑन साइकिल’ से फिटनेस का संदेश, जामताड़ा में सैकड़ों खिलाड़ियों ने दिखाई ऊर्जा और उत्साह

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 25 मई 2026 जामताड़ा। फिट इंडिया मूवमेंट को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हॉकी जामताड़ा की ओर से रविवार को “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम के तहत साइकिलिंग प्रतियोगिता एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कॉमनवेल्थ डे के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में जिले के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत दुमका रोड स्थित रानी सती मंदिर परिसर से हुई, जहां से साइकिल रैली रवाना होकर जामताड़ा के ऐतिहासिक गांधी मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। रैली का विधिवत शुभारंभ जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक दुबे ने हरी झंडी दिखाकर किया।रैली में शामिल प्रतिभागियों ने फिट इंडिया और खेलो इंडिया के नारों के साथ फिटनेस, नियमित व्यायाम और खेल गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी लिया।हॉकी जामताड़ा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय परशुरामका ने कहा कि फिट इंडिया अभियान आज युवाओं को अनुशासित और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि “संडे ऑन साइकिल” जैसे आयोजन केवल खेल गतिविधियां नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता के प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे कार्यक्रमों से खेल संस्कृति को मजबूती मिलने के साथ लोगों में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है।वहीं उपाध्यक्ष अनूप राय ने कहा कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान युवाओं को खेलों और फिटनेस से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं और खिलाड़ियों की भागीदारी यह साबित करती है कि नई पीढ़ी स्वास्थ्य और खेल के महत्व को समझ रही है।प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में मोनिका हेंब्रम ने पहला, श्रेयाश्री ने दूसरा तथा कर्मिला मुर्मू ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं बालक वर्ग में विवेकानंद मुर्मू प्रथम, आयुष कुमार द्वितीय और सुजीत मुर्मू तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।कार्यक्रम के संचालन और सफलता में अरुप मित्रा, अजय चांद, राहुल सिंह, सूरज पासवान, सौगत माहता, इम्तियाज अंसारी समेत कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *