नारायणपुर थाना के वार्षिक निरीक्षण में एसपी ने कसी व्यवस्था की लगाम, अपराध नियंत्रण व सड़क सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 मई 2026 जामताड़ा। जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम के तहत रविवार को पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने नारायणपुर थाना का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर की व्यवस्था, प्रशासनिक अभिलेखों और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की गई।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय संचालन व्यवस्था तथा विभिन्न संचिकाओं, पंजियों और अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने लंबित मामलों, वारंट निष्पादन, कुर्की-जब्ती की स्थिति तथा अपराधियों के विरुद्ध चल रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही अभिलेखों को अद्यतन रखने और पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने पर बल दिया।एसपी ने थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए पुलिस पदाधिकारियों को नियमित गश्ती बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने तथा आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय पुलिसिंग आवश्यक है।निरीक्षण के क्रम में थाना परिसर में मौजूद चौकीदारों की परेड भी कराई गई। इस दौरान उनके बीट क्षेत्रों की गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस अधीक्षक ने चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने तथा स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत करने का निर्देश दिया।नारायणपुर क्षेत्र में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।आगामी बकरीद और मुहर्रम पर्व को देखते हुए भी विशेष तैयारी पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि पर्वों के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।इस मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा, नारायणपुर प्रभाग के पुलिस निरीक्षक रविंद्र नाथ यादव, थाना प्रभारी मुराद हसन समेत थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *