विजयवाड़ा में प्रवासी युवक की संदिग्ध मौत पर उठे सवाल, उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 19 मई 2026 मिहिजाम। जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत हांसी पहाड़ी निवासी 22 वर्षीय प्रवासी युवक रतन यादव की आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। युवक का शव एक पोल्ट्री फार्म परिसर में फंदे से लटका हुआ मिलने के बाद मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर उच्चस्तरीय जांच की मांग भी उठने लगी है।जानकारी के अनुसार रतन यादव करीब डेढ़ माह पहले रोजगार की तलाश में विजयवाड़ा गया था। वहां वह एक पोल्ट्री फार्म में काम कर रहा था। मंगलवार को उसी फार्म परिसर से उसका शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटना की परिस्थितियों को देखते हुए परिजन और स्थानीय लोग कई सवाल उठा रहे हैं।परिजनों ने बताया कि रतन ने हाल ही में छाता डंगाल क्षेत्र की एक युवती से विवाह किया था। शादी के बाद परिवार में खुशी का माहौल था और बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ वह काम के सिलसिले में बाहर गया था। लेकिन अचानक उसकी मौत की खबर आने से परिवार पूरी तरह टूट गया है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मिहिजाम नगर परिषद वार्ड संख्या 20 के पार्षद प्रतिनिधि एवं झारखंड राज्य आंदोलनकारी पुल्लू यादव उर्फ अमरजीत यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विजयवाड़ा में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। आवश्यक दस्तावेजी कार्यवाही के बाद बुधवार तक शव के मिहिजाम पहुंचने की संभावना है।उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विभिन्न राज्यों में काम करने गए प्रवासी मजदूरों के साथ इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे कई मामले संदेह के घेरे में आ जाते हैं। ऐसे में इस मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके और भविष्य में प्रवासी मजदूरों के साथ इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।फिलहाल स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष पर टिकी हैं, जिससे रतन यादव की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *