जामताड़ा में साइबर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, दो ठिकानों पर छापेमारी में पांच आरोपी दबोचे गए

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के दो अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर पांच कथित साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, लैपटॉप और नकद राशि बरामद की है। इस कार्रवाई को साइबर नेटवर्क के खिलाफ अहम सफलता माना जा रहा है।रविवार को साइबर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में जामताड़ा पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की विशेष टीम को सक्रिय किया गया था। सूचना मिली थी कि कुछ लोग संगठित तरीके से ऑनलाइन ठगी के कारोबार में लगे हुए हैं।एसपी के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मटटांड़ गांव और नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियां गांव में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दोनों स्थानों से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु मंडल, सचिन मंडल, सागर नायक, किशोर दास और विश्वजीत दास के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद सभी को साइबर ठगी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, चार एटीएम कार्ड, दो लैपटॉप और करीब 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। जब्त सामग्री की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि साइबर नेटवर्क की गहराई तक पहुंचा जा सके।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे। वे क्रेडिट और डेबिट कार्ड बंद होने की बात कहकर लोगों को डराते थे और फिर उनकी निजी बैंकिंग जानकारी हासिल कर ऑनलाइन लेनदेन के जरिए ठगी को अंजाम देते थे।इतना ही नहीं, गिरोह बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर भी लोगों से संपर्क करता था और बिजली बिल जमा करने या कनेक्शन काटने की चेतावनी देकर भुगतान करवाता था।इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 29/26 और 30/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *