न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 28 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिले में गुरुवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। जिले के अलग-अलग इलाकों में हुए दो भीषण दुर्घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक ओर मिहिजाम थाना क्षेत्र के एनएच-419 पर तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराकर पलट गई, वहीं दूसरी ओर दुमका रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास डंपर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।पहली घटना मिहिजाम थाना क्षेत्र के बोदमा स्थित बंद पड़ी पोल फैक्ट्री के समीप घटी। जानकारी के अनुसार बिहार नंबर की मारुति स्विफ्ट कार मार्गोमुण्डा से कोलकाता जा रही थी। तेज रफ्तार कार जैसे ही तीखे मोड़ के पास पहुंची, चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद वाहन सड़क किनारे पेड़ से जोरदार टक्कर मारते हुए सड़क के बीचों-बीच पलट गया। हादसे में कार सवार सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया। घायलों में पप्पू कुमार और पवन कुमार की पहचान हो सकी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी को अलग-अलग स्तर की चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि कार के एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया।वहीं दूसरी दुर्घटना शहर के दुमका रोड स्थित रामजसराय गोपीराम इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुई। रेलवे साइडिंग से कोयला खाली कर लौट रहा डंपर पेट्रोल भरवाने के लिए पंप में प्रवेश कर रहा था। उसी दौरान पीछे से स्कूटी पर सवार तीन युवक भी पंप की ओर मुड़े, लेकिन संतुलन बिगड़ने से स्कूटी सीधे डंपर के नीचे जा फंसी। हादसे में तीलाबाद निवासी पपाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना से नाराज लोगों ने दुमका रोड को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद टाइगर मोबाइल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बाद में पुलिस बल ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों मामलों में पुलिस जांच में जुटी हुई है।
जामताड़ा में हादसों का काला गुरुवार: कहीं पेड़ से टकराकर पलटी कार, तो कहीं डंपर की चपेट में गई स्कूटी
