न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 27 मई 2026 रांची। झारखंड स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर नेता प्रतिपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जोरदार जवाब देते हुए विपक्ष पर भ्रामक राजनीति करने का आरोप लगाया है। नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान में आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विभाग को राजनीतिक निशाना बनाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है।डॉ. अंसारी ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के एम्बुलेंस संबंधी आरोपों पर सीधी चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे एक सप्ताह के भीतर कथित 251 एम्बुलेंसों का प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के आरोप लगाना जनता और व्यवस्था दोनों के साथ अन्याय है।दवाओं की खरीद और उनके एक्सपायर होने के मुद्दे पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी दवाओं की गुणवत्ता जांच अधिकृत प्रयोगशालाओं में कराई जाती है। जो दवाएं परीक्षण में असफल होती हैं या जिनके दस्तावेज अधूरे रहते हैं, उनका वितरण नहीं किया जाता और न ही भुगतान किया जाता है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जा सकता।वेयरहाउस में एक्सपायर्ड दवाओं को लेकर उन्होंने बताया कि कुल खरीद की तुलना में ऐसी दवाओं की लागत एक प्रतिशत से भी कम है। साथ ही दवा वितरण की पूरी व्यवस्था डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है।सीएजी की आपत्तियों पर मंत्री ने कहा कि विभाग ने सभी मामलों में समय पर जवाब दिया है। आयकर, पीएल खाता, नियुक्ति प्रक्रिया और योजनाओं से जुड़े विषयों पर नियमों के तहत कार्रवाई की गई है।104 हेल्पलाइन और 108 एम्बुलेंस सेवा को लेकर भी मंत्री ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभी प्रक्रियाएं निविदा, तकनीकी परीक्षण और नियमानुसार जांच के बाद पूरी की गई हैं।प्रेस वार्ता के अंत में मंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और पारदर्शी व्यवस्था कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा विभाग की छवि खराब करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग पर आरोपों का पलटवार: इरफान अंसारी ने विपक्ष को दी खुली चुनौती, कहा– “तथ्यों के बिना राजनीति बंद करें”
