प्रेम संबंध से उठा विवाद: मुलाकात के दौरान पकड़े गए युवक-युवती, थाने पहुंचा मामला

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 जून 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चितामी गांव में एक प्रेम प्रसंग को लेकर उस समय माहौल गर्म हो गया, जब ग्रामीणों ने एक युवक और युवती को साथ देख लिया। देखते ही देखते गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और मामला पुलिस तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अपने साथ थाना ले गई।जानकारी के अनुसार, चितामी गांव की रहने वाली 23 वर्षीय रोजीना खातून और चंपापुर निवासी मुर्शीद अंसारी के बीच पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि रविवार को मुर्शीद अंसारी रोजीना से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली और उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। कुछ ग्रामीणों ने युवक को वहीं रोक लिया और पुलिस को सूचना दे दी।पुलिस के सामने युवती ने बताया कि उसका पूर्व में विवाह चंपापुर गांव के रंगामाटिया टोला में हुआ था। हालांकि वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह अपने पति से अलग रह रही है। उसके दो बच्चे हैं, जो वर्तमान में उसके पूर्व पति के साथ रहते हैं। युवती का कहना है कि पति से अलगाव के बाद उसकी पहचान मुर्शीद अंसारी से हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं।घटना ने नया मोड़ तब लिया, जब रोजीना खातून ने नारायणपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए मुर्शीद अंसारी पर यौन शोषण का आरोप लगाया। अपने आवेदन में उसने उल्लेख किया है कि पिछले एक वर्ष से युवक उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।वहीं दूसरी ओर, मामले को लेकर दोनों परिवारों के बीच बातचीत का दौर भी शुरू हो गया है। थाना स्तर पर भी आपसी सहमति से समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के परिजन विवाह के विकल्प पर विचार कर रहे हैं और इस संबंध में चर्चा जारी है।नारायणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस हर पहलू पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि युवती द्वारा लगाए गए आरोपों के मद्देनजर पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *