परिवार नियोजन में जामताड़ा का परचम: डॉ. दुर्गेश झा लगातार छठी बार बने राज्य के सर्वश्रेष्ठ फैमिली प्लानिंग सर्जन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 11 जुलाई 2026 जामताड़ा। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में जामताड़ा सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. दुर्गेश झा को परिवार नियोजन कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। रांची के बीएनआर चाणक्य होटल में आयोजित समारोह में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और ‘सर्वश्रेष्ठ फैमिली प्लानिंग सर्जन’ सम्मान प्रदान किया। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि डॉ. झा ने लगातार छठी बार इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय सम्मान पर अपना नाम दर्ज कराया है।परिवार नियोजन सेवाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और सुरक्षित शल्य प्रक्रियाओं के सफल संचालन में डॉ. झा की भूमिका लगातार सराही जाती रही है। उन्होंने अब तक 1,200 से अधिक महिला बंध्याकरण (फीमेल स्टरलाइजेशन) तथा 100 से अधिक पुरुष नसबंदी (मेल स्टरलाइजेशन) ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किए हैं। उनके अनुभव, दक्षता और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार ने उन्हें राज्य के अग्रणी फैमिली प्लानिंग सर्जनों में शामिल कर दिया है।विश्व जनसंख्या दिवस पर आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में परिवार नियोजन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधकों, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों तथा सहियाओं को भी सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को सम्मानित कर परिवार नियोजन कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने का संदेश दिया।मूल रूप से जामताड़ा जिले के मिहिजाम निवासी डॉ. दुर्गेश झा वर्तमान में सदर अस्पताल, जामताड़ा में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने वर्षों से परिवार नियोजन के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ महिला एवं पुरुष नसबंदी सेवाओं को सुरक्षित, सहज और भरोसेमंद बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके प्रयासों से जिले में परिवार नियोजन कार्यक्रम को नई मजबूती मिली है।लगातार छठी बार राज्य स्तर पर सम्मान मिलने से जामताड़ा स्वास्थ्य विभाग में उत्साह का माहौल है। चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और जिले के लोगों ने इसे पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का मानना है कि डॉ. दुर्गेश झा की उपलब्धि अन्य चिकित्सकों के लिए भी प्रेरणास्रोत है और इससे परिवार नियोजन कार्यक्रम को नई गति मिलेगी। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि जामताड़ा की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और समर्पण का भी प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *