जामताड़ा अस्पताल विवाद पर स्वास्थ्य मंत्री का पलटवार, बोले— ‘दुखद घटना पर राजनीति नहीं, दोषियों पर होगी कानूनी कार्रवाई’

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 17 जुलाई 2026 रांची/जामताड़ा। जामताड़ा सदर अस्पताल में एक महिला की मौत के बाद उपजे विवाद और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसी परिवार के दुख को राजनीतिक हथियार बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है और इस तरह की राजनीति से जनता अब भली-भांति परिचित हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा नेता अमर बावरी का नाम लेते हुए कहा कि उन्हें अपने क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए, न कि जामताड़ा में आकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जामताड़ा की जनता विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार चाहती है, न कि संवेदनशील घटनाओं पर राजनीति।डॉ. अंसारी ने कहा कि जिस महिला की मृत्यु हुई, वह पहले से गंभीर रूप से बीमार थीं और अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए। उन्होंने कहा कि बिना जांच पूरी हुए डॉक्टरों पर आरोप लगाना उचित नहीं है। यदि जांच में चिकित्सकीय लापरवाही, प्रशासनिक चूक या किसी कर्मचारी की गलती सामने आती है, तो किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।अस्पताल परिसर में हुई तोड़फोड़, हंगामा और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार पर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अस्पताल इलाज का स्थान है, राजनीतिक गतिविधियों का नहीं। सरकारी कार्य में बाधा डालने, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्रता करने या कानून हाथ में लेने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के लंबे कार्यकाल में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था कमजोर हुई, जबकि वर्तमान सरकार अस्पतालों की सुविधाएं बढ़ाने, डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति करने और नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि वे स्वयं पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कोई इस घटना को राजनीतिक रंग देकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या लोगों को भड़काने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। मंत्री ने दोहराया कि सरकार का उद्देश्य केवल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, कानून का शासन और जनहित सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *