मालबहाल पंचधाम मंदिर में बड़ी चोरी: माता काली के स्वर्ण-रजत आभूषणों पर चोरों का हाथ, इलाके में रोष

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 26 जुलाई सालानपुर। आछड़ा पंचायत स्थित मालबहाल पंचधाम मंदिर में रविवार तड़के हुई दुस्साहसिक चोरी की वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। अज्ञात बदमाश मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर भीतर घुस गए और माता काली की प्रतिमा पर सजे सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।जानकारी के अनुसार, सुबह मंदिर का एक सेवायत पूजा-अर्चना के लिए पहुंचा तो उसने मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ देखा। मंदिर के भीतर जाने पर माता काली के आभूषण गायब मिले। इसके बाद तत्काल मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों को सूचना दी गई। खबर मिलते ही समिति के कोषाध्यक्ष सुभाष खां सहित अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।मंदिर समिति के अनुसार, चोर बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार हुए। चोरी गए सामान में सोने और चांदी की लगभग सात चेन, चांदी का मुकुट, चांदी का खड़ग, सोने का लॉकेट तथा अन्य कीमती धार्मिक आभूषण शामिल हैं। मंदिर के सचिव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि माता के श्रृंगार में प्रयुक्त लगभग सभी बहुमूल्य गहने चोरी हो गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है तथा संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।इधर, लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पर्याप्त निगरानी नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए आभूषणों की बरामदगी की मांग की है। मंदिर में हुई इस वारदात को लेकर पूरे इलाके में चिंता और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *