रिश्वतखोरी पर कार्रवाई के बाद भी नहीं थमा खेल! रामपुर एमवीआई चेकपोस्ट पर ‘एंट्री फीस’ के नाम पर वसूली का नया आरोप

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 27 जुलाई आसनसोल। पश्चिम बंगाल में कथित रिश्वतखोरी के मामले में दो मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (एमवीआई) अधिकारियों की गिरफ्तारी और निलंबन के बाद भी भ्रष्टाचार पर पूरी तरह लगाम नहीं लग सकी है। ताजा मामला रामपुर एमवीआई चेकपोस्ट से सामने आया है, जहां एक ट्रेलर चालक ने ‘एंट्री फीस’ के नाम पर अवैध वसूली किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना ने परिवहन व्यवस्था और चेकपोस्ट की कार्यप्रणाली पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।आरोप लगाने वाले चालक का कहना है कि चेकपोस्ट पार करने के लिए उससे ऑनलाइन माध्यम से ₹2100 की राशि जमा कराई गई। चालक के अनुसार यह रकम सुषांत मंडल नामक व्यक्ति के बैंक खाते में भेजी गई। भुगतान के बाद जब चालक ने संबंधित व्यक्ति से फोन पर बातचीत की तो कथित तौर पर कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं।सामने आए एक कथित ऑडियो (जिसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है) में दावा किया गया है कि सुषांत मंडल ने कहा कि “डंडा टैक्स” और “एंट्री फीस” की व्यवस्था अब भी जारी है और सभी वाहन चालकों को यह राशि देनी होगी। ऑडियो में उसने स्वयं को एमवीआई विभाग से जुड़ा बताते हुए यह भी कथित रूप से कहा कि अधिकारियों के खर्च के लिए यह वसूली जरूरी है। साथ ही, गिरफ्तार किए गए अधिकारियों को साजिश के तहत फंसाए जाने का भी दावा किया गया तथा यह कहा गया कि कुछ दिनों में व्यवस्था पहले जैसी हो जाएगी।हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन आरोप सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। वाहन चालकों का कहना है कि यदि जांच और सख्त कार्रवाई के बावजूद इस तरह की वसूली जारी है तो यह गंभीर चिंता का विषय है। अब सभी की निगाहें प्रशासन और जांच एजेंसियों पर टिकी हैं कि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *