ग्रामीण विकास की हकीकत जानने अचानक पंचायत पहुंचे विधायक, लंबित योजनाओं का लिया जायजा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 30 जुलाई सालानपुर। बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरीजीत राय ने बुधवार को सालानपुर प्रखंड अंतर्गत उत्तरामपुर-जीतपुर ग्राम पंचायत का अचानक निरीक्षण कर पंचायत की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। उनके इस आकस्मिक दौरे से पंचायत कार्यालय में हलचल का माहौल रहा। निरीक्षण के दौरान विधायक ने कार्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा और पंचायत के कर्मचारियों से विस्तार से चर्चा की।विधायक ने कर्मचारियों से पंचायत के नियमित कार्यों, विकास योजनाओं की प्रगति तथा लंबित परियोजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने यह भी जाना कि किन कारणों से कुछ योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावित हो रहा है और आम लोगों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में किस प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से विकास कार्यों में तेजी लाने तथा जनता की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।निरीक्षण के बाद विधायक अरीजीत राय ने कहा कि राज्य सरकार पंचायत व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से विधानसभा में पंचायत संशोधन विधेयक लेकर आई है। उन्होंने बताया कि यदि किसी पंचायत के प्रधान या उपप्रधान लगातार 15 दिनों तक कार्यालय से अनुपस्थित रहते हैं, तो राज्य सरकार वहां प्रशासक नियुक्त कर सकेगी। इससे पंचायत का कामकाज बाधित नहीं होगा और विकास योजनाओं का संचालन लगातार जारी रहेगा।उन्होंने कहा कि संशोधित व्यवस्था के तहत प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं, ताकि केवल हस्ताक्षर जैसी औपचारिकताओं के कारण विकास कार्य प्रभावित न हों। सरकार की प्राथमिकता है कि गरीब और जरूरतमंद लोगों तक सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति बनी रहे। इसी उद्देश्य से पंचायतों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *