सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर निकली जागरूकता रैली, आसनसोल में ‘पथ सुरक्षा सप्ताह 2026’ का शुभारंभ

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 3 अगस्त आसनसोल, पश्चिम बर्धमान। राज्य सरकार की पहल पर सोमवार से पूरे पश्चिम बंगाल में ‘पथ सुरक्षा सप्ताह 2026’ की शुरुआत हुई। 9 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, यातायात नियमों के पालन को प्रोत्साहित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। इसी कड़ी में आसनसोल में भव्य जागरूकता रैली और विभिन्न कार्यक्रमों के साथ अभियान का शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम में आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणब कुमार, ट्रैफिक विभाग के अधिकारी डॉ. वी. जी. सतीश, पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पोन्नबलम सहित प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।अभियान के दौरान वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को तत्काल सीपीआर (CPR) देकर प्राथमिक उपचार कैसे शुरू किया जाए, इसका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके अलावा नशे की हालत में वाहन चलाने के गंभीर परिणामों और सड़क दुर्घटनाओं की भयावहता को दर्शाते हुए एक जागरूकता नाटक भी प्रस्तुत किया गया।विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि सड़कें सभी की हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी प्रत्येक नागरिक की है। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने और शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की।पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणब कुमार ने बताया कि पूरे सप्ताह शहर के प्रमुख चौराहों पर जनजागरूकता अभियान, स्कूल-कॉलेजों में कार्यशालाएं तथा ट्रैफिक स्वयंसेवकों के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं ऑटो और टोटो चालकों के लिए भी प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे।जिलाधिकारी एस. पोन्नबलम ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, शैक्षणिक संस्थानों और समाज की भी समान भागीदारी जरूरी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *