दिशोम गुरु की स्मृति में खेलों का महाकुंभ, जामताड़ा में फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 अगस्त जामताड़ा। झारखंड आंदोलन के प्रमुख शिल्पकार एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को जामताड़ा के गांधी मैदान में फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने किया। इस अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी समेत कई जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए आंदोलन और अलग झारखंड राज्य के निर्माण में निभाई गई उनकी ऐतिहासिक भूमिका को याद किया।अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि शिबू सोरेन ने जल, जंगल, जमीन की रक्षा, सामाजिक न्याय और जनअधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनका योगदान केवल झारखंड तक सीमित नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को उनके विचारों और संघर्ष से प्रेरणा लेकर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।उन्होंने कहा कि यह फुटबॉल प्रतियोगिता केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि दिशोम गुरु की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक समरसता का विकास करते हैं। खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील करते हुए उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने दिशोम गुरु के आदर्शों पर चलने तथा सामाजिक न्याय, जनसेवा और झारखंड के समग्र विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *