न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 9 अगस्त सलानपुर। बकाया मानदेय, इंसेंटिव की राशि और कार्यस्थल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर सलानपुर ब्लॉक की आंगनबाड़ी कर्मियों ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है। रविवार को रूपनारायणपुर स्थित एक निजी सभागार में ब्लॉक की आंगनबाड़ी कर्मियों की आपात बैठक आयोजित हुई। बैठक में बड़ी संख्या में कर्मियों ने हिस्सा लेकर अपनी समस्याएं और मांगें सामने रखीं।बैठक में पश्चिम बंगाल इंडिपेंडेंट आंगनबाड़ी वर्कर्स एसोसिएशन की प्रदेश महासचिव आसमा खातून और वर्किंग प्रेसिडेंट सुतपा राय मंडल सहित संगठन से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। कर्मियों ने कहा कि कई महीनों से भुगतान लंबित है। महज करीब नौ हजार रुपये के मानदेय में उनसे विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने की अपेक्षा की जाती है।कर्मियों ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए किराये का प्रावधान होने के बावजूद सलानपुर ब्लॉक के किसी भी आईसीडीएस केंद्र को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। इसके अलावा अधिकांश केंद्रों पर खाना बनाने के लिए सहायक कर्मी उपलब्ध नहीं हैं। नतीजतन आंगनबाड़ी कर्मियों को भोजन तैयार करने से लेकर अन्य काम भी स्वयं करने पड़ते हैं।बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि आईसीडीएस की मूल जिम्मेदारियों के अलावा कई अन्य सरकारी कार्यों का बोझ भी कर्मियों पर डाल दिया जाता है। इससे बच्चों और लाभार्थियों को मिलने वाली नियमित सेवाएं प्रभावित होती हैं। कर्मियों ने छुट्टी की व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि वर्ष में सीमित अवकाश मिलता है, जबकि सरकारी छुट्टी और मेडिकल लीव जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।संगठन की ओर से बताया गया कि मांगों को लेकर राज्य के प्रिंसिपल सेक्रेटरी को लिखित शिकायत दी जा चुकी है। मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई।बैठक के अंत में सलानपुर ब्लॉक की सभी आईसीडीएस कर्मियों ने पश्चिम बंगाल इंडिपेंडेंट आंगनबाड़ी वर्कर्स एसोसिएशन से जुड़ने का निर्णय लिया।
बकाया मानदेय और सुविधाओं की मांग पर आंगनबाड़ी कर्मियों का फूटा आक्रोश, सलानपुर में आंदोलन की चेतावनी
