न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 अगस्त जामताड़ा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जामताड़ा नगर इकाई की ओर से एक दिवसीय रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। नगर मंत्री प्रकाश यादव के नेतृत्व में आयोजित शिविर में परिषद के कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर के दौरान कुल 30 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद जामताड़ा सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, डीएस डॉ. प्रभात कुमार तथा ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. नीलेश कुमार ने संयुक्त रूप से शिविर का उद्घाटन किया।सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि अस्पताल में दुर्घटना, शल्य चिकित्सा, प्रसव, थैलेसीमिया और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को नियमित रूप से रक्त की जरूरत पड़ती है। ऐसे में स्वस्थ और सक्षम लोगों को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. नीलेश कुमार ने कहा कि रक्तदान महज सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अभाविप जिला प्रमुख डॉ. सोमेन सरकार ने कहा कि रक्त की एक यूनिट भी किसी मरीज के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकती है।नगर मंत्री प्रकाश यादव ने कहा कि अभाविप विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के लिए लगातार सेवा, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और आपदा राहत जैसे कार्य करती रही है।शिविर के समापन पर रक्तदाताओं, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार जताया गया। मौके पर चंदन रजक, संजय मंडल, राहुल तिवारी, आकाश साव, दीपक साव, कुंदन राय, केदारनाथ पांडे, किशोर यादव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस पर अभाविप की पहल: रक्तदान शिविर में जुटीं युवा शक्ति, 30 यूनिट रक्त संग्रह

