लगातार बारिश से आसनसोल बेहाल, कालीपहाड़ी में मिट्टी के घरों पर आफत; निगम ने बांटी राहत

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 18 अगस्त आसनसोल। लगातार हो रही बारिश ने आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सोमवार से जारी मूसलाधार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। सबसे अधिक परेशानी उन परिवारों को झेलनी पड़ रही है, जो मिट्टी के कच्चे मकानों में रहते हैं। पानी के लगातार रिसाव से कई घरों की दीवारें कमजोर होकर गिरने लगी हैं। घर में रखा सामान भी पानी में भीगकर खराब हो गया है।बारिश से उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने मंगलवार को आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा अधिकारियों की टीम के साथ कालीपहाड़ी पहुंचे। उन्होंने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद जरूरतमंद परिवारों के बीच तिरपाल, सूखा भोजन और अन्य राहत सामग्री वितरित की गई।कमिश्नर ने कहा कि लगातार बारिश के कारण कालीपहाड़ी के कई परिवारों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिन लोगों के मकान रहने योग्य नहीं रह गए हैं, उनकी पहचान कर सूची तैयार की जा रही है। जरूरतमंद परिवारों को तत्काल आश्रय उपलब्ध कराने के साथ आगे स्थायी आवास की व्यवस्था करने की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी।इधर, राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल इन दिनों हल्दिया के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर हैं। वहीं से उन्होंने आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में बारिश से प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने का निर्देश दिया। निर्देश मिलते ही कमिश्नर के नेतृत्व में निगम की टीम राहत सामग्री और खाद्य पदार्थ लेकर कालीपहाड़ी पहुंची।भाजपा नेता प्रशांत चक्रवर्ती ने भी क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने राहत वितरण की निगरानी की। मौसम विभाग की ओर से आगे भी बारिश की संभावना जताए जाने के बाद निगम ने निचले और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *