मिहिजाम-रूपनारायणपुर बॉर्डर पर पुलिस का सख्त पहरा, देर रात चला सघन वाहन जांच अभियान

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 25 अगस्त मिहिजाम। झारखंड-बंगाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मिहिजाम पुलिस ने बॉर्डर इलाके में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। सोमवार की देर रात मिहिजाम-रूपनारायणपुर सीमा पर पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की। अभियान के दौरान खासतौर पर दोपहिया वाहनों को रोककर उनकी जांच-पड़ताल की गई।थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने स्वयं जांच अभियान की कमान संभाली। पुलिसकर्मियों ने वाहनों के कागजात और चालक की गतिविधियों की पड़ताल करने के साथ संदिग्ध प्रतीत होने वाले लोगों से पूछताछ भी की। दोपहिया वाहन चालकों से उनके आने के स्थान और गंतव्य के संबंध में जानकारी ली गई। अचानक हुई इस जांच से बॉर्डर क्षेत्र में कुछ समय के लिए वाहन चालकों के बीच सतर्कता बढ़ गई।थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीमा क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध नजर आने वाले वाहनों और व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बॉर्डर क्षेत्र होने के कारण यहां से झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच लगातार वाहनों और लोगों का आवागमन होता है, ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से जांच अभियान महत्वपूर्ण है।पुलिस के अनुसार, सीमा क्षेत्र में नियमित रूप से वाहन जांच और निगरानी अभियान जारी रखा जाएगा। इसका उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर नजर रखना है। पुलिस की सख्ती के बाद बॉर्डर से गुजरने वाले वाहन चालकों में भी सतर्कता देखी गई। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आने-जाने वाले वाहनों की जांच आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *