न्यूनतम मजदूरी को लेकर माईथन स्टील के गेट पर हंगामा, बैठक से प्रबंधन की गैरमौजूदगी पर भड़के श्रमिक

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 26 अगस्त सालानपुर। सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को सालानपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित माईथन स्टील एंड पावर लिमिटेड के मुख्य द्वार पर श्रमिकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के बैनर तले बड़ी संख्या में मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। बैठक में प्रबंधन के प्रतिनिधियों के नहीं पहुंचने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई।बताया गया कि सालानपुर औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न फैक्ट्रियों में सरकारी दर के अनुसार मजदूरी लागू करने की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से श्रमिक आंदोलनरत हैं। एलोक्विंट, रामदूत, आसनसोल एलॉय समेत कई औद्योगिक इकाइयों के मजदूरों ने भी इस मुद्दे पर आवाज उठाई है। विवाद के समाधान के लिए कारखाना मालिक संगठन की ओर से सामूहिक बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया था।बुधवार को निर्धारित बैठक में माईथन स्टील प्रबंधन के शामिल नहीं होने की सूचना मिलते ही श्रमिकों का आक्रोश बढ़ गया। बड़ी संख्या में मजदूर कंपनी के मुख्य गेट पर जमा हो गए। इस दौरान कारखाने के मैनेजर विजय साव को श्रमिकों के विरोध का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की और कुछ समय तक दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई।मामला बढ़ता देख बीएमएस के कन्वेनर प्रशांत विश्वास और आंदोलनकारी श्रमिकों ने प्रबंधन पर बैठक में शामिल होने का दबाव बनाया। इसके बाद कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधियों के बैठक में पहुंचने की बात सामने आई।प्रशांत विश्वास ने आरोप लगाया कि लंबे समय से श्रमिकों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों को सरकार द्वारा निर्धारित दर के अनुसार पारिश्रमिक मिलना चाहिए और इस मांग से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।घटना के बाद सालानपुर औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक संगठनों और प्रबंधन के बीच तनाव बढ़ गया है। अब निगाह इस बात पर है कि कंपनी प्रबंधन सरकारी निर्धारित मजदूरी लागू करने को लेकर क्या निर्णय लेता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *